शामली। महिला प्रशिक्षण संस्थान के नाम पर महिलाओं से ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए महिलाओं 15 दिन तक कोतवाली के चक्कर काटे, लेकिन उनको टकराया जाता रहा। बृहस्पतिवार को पीड़ित महिलाओं ने कोतवाली में पहुंचकर जमकर हंगामा किया, तक जाकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई।
दयानंद नगर निवासी डोली पत्नी बिल्लू ने 15 दिन पूर्व कई महिलाओं के साथ कोतवाली में आकर बताया था कि महिला प्रशिक्षण संस्थान अर्जुनपुरा बागपत की पूजा शर्मा ने 15 अप्रैल को उसको डिस्ट्रिक कोआडिर्नेटर के पद पर तैनात कर दस हजार रुपये मानदेय देने की बात कही थी। उसके बाद उन्होंने उसके पुत्र को भी अपनी कंपनी में लगा लिया। आरोपियों ने डोली को झांसे में लेकर बताया कि आपको हर गांव में 30-30 प्रेरक बनाने हैं उनसे 500-500 रुपये वसूलने की बात कही। उसके बाद उन प्रेरक महिलाओं से गांव-गांव में फार्म भरवाए गए। धीरे-धीरे कर सैकड़ों महिलाओं से प्रशिक्षण ओर रोजगार दिलाने के नाम पर फार्म भरवाकर कई करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। उसके बाद न तो महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया और न रोजगार दिया गया।
आरोपी बाद में रुपये मांगने पर धमकी देने लगे। शिकायत करने के बाद भी पीड़ित महिलाएं कोतवाली के चक्कर काटती रहीं, लेकिन पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जिसके बाद बृहस्पतिवार को डोली के नेेतृत्व में कोतवाली में पहुंची और हंगामा शुरू कर दिया। महिलाओं ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। तब जाकर पुलिस ने आरोपी पूजा शर्मा, निकिता शर्मा, अमरदीप, कुलदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुुरू कर दी है। उधर, सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर दी गई। मामले की छानबीन की जा रही है, जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।