कैराना (शामली)। गांव भूरा में पुराने विवाद में दो पक्षों में संघर्ष हो गया। जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों की महिला समेत सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का उपचार कराने के साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार कर उनका शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
शनिवार की सुबह गांव भूरा निवासी सुमित और नरेश पक्ष में पुरानी रंजिश के चलते किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें एक पक्ष के सुमित, कृष्णपाल, सतपाल, प्रवीण तथा दूसरे पक्ष के सोनिया, सुरेश पाल और दीपक घायल हो गए। संघर्ष की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराते हुए दोनों पक्षों के घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहीं, पुलिस ने दोनों पक्षों के दीपक और विजय का आपस में झगड़ने के आरोप में शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे, जहां पर उनमें समझौता हो गया। उधर, पड़ोसियों के साथ झगड़ा करने पर पुलिस ने भूरा निवासी मोहल्ला पीरजादगान को गिरफ्तार करके शांति भंग की धारा में चालान कर दिया।