खूनी संघर्ष के मामले में दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज
कैराना (शामली)। रविवार को गांव ऐरटी में नाली विवाद को लेकर दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष के प्रकरण में दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।
रविवार को क्षेत्र के ग्राम ऐरटी में नाली के विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के लोगों के बीच खूनी संघर्ष हो गया था, इसमें दोनों पक्षों की महिलाओं सहित सात लोग घायल हो गए थे। इस संबंध में एक पक्ष के मनीष शर्मा ने कमल, रोकी व श्रवण निवासीगण एरटी तथा सोनू निवासी ग्राम नानूवाला थाना नकुड जिला सहारनपुर के विरुद्ध रंजिशन घर में घुसकर हमला करने, मारपीट कर घायल करने के आरोप में अभियोग दर्ज कराया। वहीं, दूसरे पक्ष के श्रवण कुमार ने मनीष, दीपक व राकेश को नामजद किया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के क्रॉस केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो पक्षों में मारपीट, कई घायल
कैराना। गांव हिंगोखेडी निवासी लालसिंह और भोपाल पक्ष के बीच परचून की दुकान करने को लेकर रंजिश चली आ रही है। दोनों पक्ष आपस में चचेरे भाई हैं। मंगलवार को विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट में एक पक्ष के लाल सिंह, उसकी भाभी तथा पत्नी तथा दूसरे पक्ष से आरती एवं विधवा बाला घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों पक्षों के लोगों को कोतवाली ले आई। पुलिस ने घायलों को उपचार हेतु सरकारी अस्पताल पहुंचाया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के विरूद्ध कोतवाली पर नामजद तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।