115 साल की वृद्धा का निधन
झिंझाना (शामली)। गांव लपराना निवासी 115 साल की वृद्धा के निधन होने पर परिजनों ने उनके सम्मान में बैंडबाजे के साथ अंतिम यात्रा निकाली। इसके बाद महिला का अंतिम संस्कार किया गया।
झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव लपराना निवासी सेवानिवृत्त अध्यापक बेगराज सिंह की माता पितमो देवी का मंगलवार को निधन हो गया। वे करीब उम्र 115 वर्ष की थीं। परिजनों ने बड़ी उम्र में निधन होने पर उनके सम्मान में बैंडबाजे के साथ अंतिम यात्रा निकाली और गुब्बारे उड़ाए। साथ ही पूरे गांव के लोगों की दावत दी गई। वृद्धा के ज्येष्ठ पुत्र मास्टर बेगराज सिंह ने बताया की उनकी मां 115 साल होने के बाद भी अंतिम समय तक अपने सभी कार्य स्वयं करती रहीं, वे किसी पर पर आश्रित नहीं थीं। वृद्धा अपने पीछे पांच पुत्र, दो पुत्रियों के अलावा 11 पौत्र, नौ पौत्री, आठ प्रपौत्र और दो प्रपौत्री समेत पूरा भरा पूरा परिवार छोड़ गई हैं। निधन से दो घंटे पूर्व तक वे अपने पैरों पर घर में इधर-धर घूम रही थी। इस दौरान उन्होंने चारपाई पर बैठकर सिर दर्द होने की शिकायत की। जब तक परिवार के लोग उन्हें दवा दिला पाते, वे इस दुनिया को छोड़ चुकी थीं।