गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्र के गांव राझड़ निवासी महिला को बहला फुसलाकर उसके नाम से 10 लाख रुपये ऋण बैंक से ले लिया। पीड़ित महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित महिला नसीमा पत्नी शमशाद बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। महिला ने बताया कि गांव के दो युवकों ने बैंक में खाता खुलवाने के लिए कुछ समय पूर्व उससे कागजों पर अंगूठे लगवा लिए और पहचान पत्र ले लिया। इसके बाद बैंक शाखा प्रबंधक की तरफ से उसके पति को सूचना दी गई कि तुम्हारी पत्नी के नाम से हैंडलूम व्यवसाय के लिए 10 लाख रुपये का ऋण लिया गया है। नसीमा और उसके पति ने अन्य ग्रामीणों के साथ बैंक शाखा में पहुंचकर बताया कि उन्होंने कोई ऋण नहीं लिया है। इसके बाद आरोपी दोनों युवकों ने उन्हें चुप रहने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि अब भी उन्हें डरा धमकाया जा रहा है। नसीमा ने बताया कि 17 अगस्त को ही उन्होंने अधिवक्ता के माध्यम से बैंक प्रबंधक सहित दोनों युवकों के खिलाफ नोटिस भी भिजवाया, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस अधीक्षक ने जांच के बाद कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।
-- हत्यारोपी फरमान गिरफ्तार
शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के कस्बा बनत में छात्र रोहित की हत्या के मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी फरमान को भी गिरफ्तार लिया है। पांच दिन पूर्व रोहित की हत्या करके शव गन्ने के खेत में डाल दिया गया था। पुलिस ने एक किशोरी सहित दो आरोपियों को एक दिन पूर्व गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था, जबकि बनत निवासी फरमान फरार चल रहा था। मंगलवार देर रात पुलिस ने आरोपी फरमान को उसके घर से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसको न्यायालय में पेश कर दिया गया।
जान से मारने की धमकी दी
शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के कस्बा बनत निवासी अमरेश पत्नी कल्लू ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर शिकायत पत्र देकर बताया कि 26 सितंबर को उसके मोबाइल फोन पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। मामले में कार्रवाई की मांग की गई है। उधर, झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव अंबेहटा रिदान निवासी रफीक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर गांव के ही कुछ लोगों पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है। रफीक का कहना है कि झिंझाना थाने पर शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।