कैराना (शामली)। मोबाइल पर लक्की ड्रा निकलने का झांसा देकर एक युवक से 73,900 रुपये की ठगी कर ली गई। ठग ने यह रकम अपने बैंक खाते में डलवाई है। पीड़ित के पुत्र ने कैराना कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
आर्यपुरी देहात निवासी मोहम्मद इस्लाम ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि छह फरवरी की शाम आठ बजे उसका पिता हारुन के मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि केबीसी के लकी ड्रा में तुम्हारा नंबर आया है, जिसके तहत तुम्हें 25 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। अगले दिन सात फरवरी को सुबह साढ़े नौ बजे खाता नंबर, नाम, पता बताने होंगे, जो उसने बता दिए। इसके बाद उससे अपने खाते में 24,900 रुपये जमा कराने को कहा, जिसको उसने कर दिया। इसके एक घंटे बाद फिर से 49000 हजार रु पये डालने की बात कही। हारुन ने ये रुपये भी उसके खाते में जमा करा दिए। तीसरी बार फिर 95000 रुपये जमा कराने को कहा गया, लेकिन वह ठगी को समझ गया और रकम नहीं डलवाई गई। इसके बाद से निरंतर उसके पास लक्की ड्रा के नाम से ठगों की कॉल आती रही। ठगों ने कोलकाता के पंजाब नेशनल बैंक के खाते में 73900 रुपये जमा करवाए है। पीड़ित ने ठगों के दो मोबाइल फोन नंबर और खाता संख्या पुलिस को देने के साथ ही कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच में जुटी है।