युवतियों पर फब्तियां कस रहे युवकों की धुनाई
शामली। नगर के मोहल्ला पंसारियान में कुछ युवक युवतियों पर फब्तियां कस रहे थे। इसकी सूचना पर हिंदू संगठन के लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। हिंदू संगठन के लोगों ने उनको पीट दिया। इसके बाद छेड़खानी करने वाले मौके से फरार हो गए। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई।
युवक ने लगाया मारपीट का आरोप
शामली। थानाभवन क्षेत्र के गांव सोंता रसूलपुर निवासी राव इमलाक ने बताया कि वह ट्राई साइकिल पर शामली में कोचिंग करने के लिए आता है। सोमवार की सुबह जब वह साईं धाम के पास पहुंचा तो बाइक सवार तीन युवकों ने उसको पकड़ लिया और उससे मारपीट कर तीन हजार रुपये और बैग लूट लिया। आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने एसपी डाक्टर अजयपाल शर्मा को इसकी शिकायत की है।
गेट लगाने को लेकर मारपीट
शामली। थाना आदर्शमंडी क्षेत्र के गांव सिलावर निवासी सुभाष और श्यामलाल में गेट लगाने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने मारपीट कर दी। जिसमें सुभाष घायल हो गया। मामले की शिकायत पुलिस को की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।