शामली। शहर के एक मोहल्ले में किशोरियों से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता पर तमंचे से फायर करने वाले आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिवार और मोहल्ले की महिलाओं ने कोतवाली में प्रदर्शन किया। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति सोमवार की शाम बाजार से घर जा रहा था। आरोप है कि उस दौरान बाइक सवार युवक ने उस पर फायर कर दिया था, जिसमें वह बाल-बाल बच गया था। इस मामले में पीड़ित की पत्नी ने पुलिस को तहरीर दी थी। बताया कि उसकी दो बेटियां कक्षा 11 और कक्षा आठ में पढ़ती है। आरोप है कि मोहल्ले का एक युवक स्कूल आते जाते छेड़छाड़ कर परेशान करता था। इस डर में दोनों बेटियां चार माह से स्कूल नहीं जा रही थी। परिजनों ने आरोपी के घर पहुंचकर शिकायत की। इस पर आरोपी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए दोनों बेटियों को उठाकर ले जाने की धमकी दी थी। 28 अप्रैल को आरोपी ने उसकी बेटियों के कपड़े खींचने की कोशिश की थी। विरोध करने पर आरोपी ने घर से तलवार लाकर हमला करने की कोशिश की थी। उस समय पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई थी। मंगलवार को पीड़ित परिजनों के साथ मोहल्ले की महिलाएं और लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। कोतवाल सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही अरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।