लापता दो बहनें जंगल में बेहोश मिलीं
कांधला (शामली)। थानाक्षेत्र के एक गांव से दो बहनों को मोहल्ले के तीन युवक बहला-फुसलाकर ले गए। तलाशी के दौरान दोनों बहनें जंगल में अर्द्धबेहोशी की हालत में मिलीं। पुलिस ने आरोपी दो युवकों को हिरासत में ले लिया। जबकि एक आरोपी फरार है। दुष्कर्म की आशंका के चलते पुलिस ने दोनों बहनों का मेडिकल कराने का निर्णय लिया है।
कांधला थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी दो किशोरी बहनें सोमवार दोपहर लापता हो गईं। परिजनों ने उनकी तलाश की तो पता चला कि मोहल्ले के तीन युवक बहला फुसलाकर अपने साथ ले गए। शाम के समय किसी ने डायल 100 पुलिस को दो किशोरी के जंगल में अर्द्धबेहोशी की हालत में पड़ी होने की सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बहनों को लेकर थाने पहुंची। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को किशोरी के साथ दुष्कर्म की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया, जबकि तीसरा आरोपी फरार है। पुलिस ने दोनों किशोरी बहनों को मेडिकल के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं दी गई है।