विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 7.55 लाख की ठगी
कैराना। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर चार युवकों से 7 लाख 55 हजार रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है।
क्षेत्र के ग्राम बराला निवासी सादा ने कोतवाली कैराना पर तहरीर देते हुए बताया कि दस माह पूर्व वह कैराना में पानीपत रोड पर अपनी बाइक की सर्विस करा रहा था। इसी बीच वहां पर मुजफ्फरनगर के चरथावल निवासी एक युवक से मुलाकात हुई, जिसने उसे विदेश में नौकरी दिलाने की बात कही। इसके बाद उसने गांव के ही अपने साथियों को भी इस बारे में जानकारी दी और युवक से संपर्क किया, तो उसने गंगोह बस स्टैंड के सामने कैराना में मुस्कान मार्केट में बुलाया, जिस पर वे चार दोस्त वहां पहुंच गए। चरथावल का युवक मौजूद था। आरोप है कि उन्हें आरोपी ने अपने जाल में फंसा लिया और सादा से डेढ़ लाख रुपये, कंवर से तीन लाख, शब्बीर से पौने दो लाख तथा फरमान से एक लाख 30 हजार रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद उन्हें जल्द ही विदेश में नौकरी पर भेज दिए जाने की बात कही। लेकिन, जब काफी दिनों तक भी नौकरी नहीं मिली, तो उन्होंने खुद को ठगा-सा महसूस किया। इसके बाद में आरोपी से संपर्क किया, तो उन्हें रुपये देने से मना कर दिया। आरोपी अपना दफ्तर भी बंद करके फरार हो चुके हैं। पीड़ित ने मामले में कार्रवाई कर आरोपियों से रकम वापस दिलाने की मांग की है।
शराब की दस पेटी बरामद, आरोपी गिरफ्तार
कैराना। रविवार रात्रि कोतवाली के एसआई सुनील कुमार क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। यमुना तटबंध पर बिना नंबर का एक संदिग्ध टेंपू आता दिखाई दिया, जिसे रोक कर तलाशी ली गई, तो उसमें से तस्करी की हरियाणा मार्का दस पेटी देशी रसीला संतरा बरामद हुई। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम समीर निवासी बधुपुरा बताया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया।