खेत में बोरे में बंद मिले जानवर के अवशेष
जलालाबाद। कस्बे में धर्मस्थल के निकट खेत में बोरे में बंद जानवर के अवशेष मिलने से लोगों में रोष फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवशेषों को गड्ढे में दबवा दिया।
जलालाबाद निवासी नवीन शर्मा बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे लुहारी बाईपास मार्ग पर शिव आश्रम के निकट अपने खेत में गया था। वहां पर उसे खेत में एक बोरा पड़ा देखा, जिसमें मांस की दुर्गंध आ रही थी। नवीन ने इस मामले की जानकारी आसपास के किसानों को दी। किसानों ने घटना की सूचना डायल 100 पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोरे को खोलकर देखा तो उसमें कटे हुए जानवर के अवशेष भरे हुए थे। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इस तरह पशु कटान के बाद खेत में अवशेष फेंके जाने पर रोष जताते हुंए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने गड्ढ़ा खुदवाकर अवशेषों को जमीन में दबवा दिया। इस मामले में चौकी प्रभारी पवन सैनी ने बताया कि किसी समारोह या आयोजन में पशु काटे जाने का अंदेशा है। इसके बाद अवशेष बोरे मेें भरकर खेत में फेंक दिए। इस मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।