कैराना (शामली)। दो ट्रैक्टर ट्रालियों में लदी सागौन की लकड़ी समेत तीन वन तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शनिवार की शाम कोतवाली कैराना के उपनिरीक्षक सोकेंद्र पाल सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कैराना-कांधला रोड पर ऊंचा गांव के निकट लकड़ियों से लदे दो ट्रैक्टर ट्राली आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालकों ने गति और तेज कर दी। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तीन लोगों को मौके से पकड़ लिया जबकि दो फरार हो गए। ट्रैक्टर ट्रालियों में प्रतिबंधित सागौन की लकड़ियां लदी हुई थी। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम हारून एवं रिजवान निवासीगण ग्राम गोगवान तथा कृष्ण निवासी ग्राम केरटू थाना झिंझाना बताया। पुलिस के अनुसार, मौके से फरार होने वाले नवाब निवासी ऊंचा गांव की जमीन से बिना परमिशन के अवैध रूप से पेड़ काटे गए थे। उसका साथी इमरान निवासी बीबीपुर हटिया भी मौके से फरार हो गया। बाद में पांचों आरोपियों के विरुद्घ पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। उधर, एसआई शोकेंद्र पाल ने बताया कि लकड़ियों की कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है। पकड़े गए तीनों आरोपियों का पुलिस ने चालान कर दिया।