उधार दी रकम मांगने पर मिली धमकी
थानाभवन।
डेढ़ साल पूर्व उधार दिए रुपये वापस मांगने पर पीड़ित महिला को धमकी दी गई और अभद्रता करके भाग दिया। पीड़ित महिला ने आरोपी पक्ष के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थानाभवन क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी निवासी संतोष शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दो साल पूर्व 2016 में गांव कादरगढ़ निवासी एक दंपति ने अपने बेटे व बेटी की शादी के लिए उससे 1.18 लाख रुपये उधार लिए थे। रुपये एक महीने बाद लौटाने का वादा किया था। इसके बाद बार बार मांगने पर भी रुपये नहीं लौटाए। दो दिन पूर्व जब वह अपने रुपये मांगने पहुंची, तो आरोपी दंपति ने गाली गलौज कर भगा दिया। थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
पत्नी को बरामद कराने की गुहार
थानाभवन। क्षेत्र के गांव नौजल निवासी सोम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी इसी साल फरवरी में छुटमलपुर के एक अनाथ आश्रम में रहने वाली युवती से हुई थी। सोम ने बताया कि उसकी पत्नी मनोरोगी है। वह कई बार लापता हो चुकी है। रविवार को फिर से वह लापता हो गई। सोम ने पत्नी को बरामद कराने की गुहार लगाई है।