प्रदर्शनकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
शामली। सड़क हादसे में छात्र की मौत के बाद मेरठ रोड पर गांव सिंभालका में जाम लगाकर प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। जाम लगाने वालों की पहचान कराई जा रही है।
शामली कोतवाली क्षेत्र के गांव बरला जट निवासी छात्र सावन पुत्र रामनिवास बृहस्पतिवार की दोपहर शामली से कोचिंग करके गांव लौट रहा था। मेरठ रोड पर सिंभालका गांव के पास ट्रक की चपेट में आकर सावन की मौत हो गई थी। इसके बाद ट्रक को छोड़कर आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था। ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मेरठ-करनाल हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा प्रदर्शन कर दिया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठी भांजकर भीड़ को खदेड़कर जाम खुलवाया था। शुक्रवार को पुलिस ने जाम लगाने वालों तथा पुलिस के साथ अभद्रता करने के आरोप में अज्ञात में ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस अब हंगामा करने वालों की पहचान करने में जुटी है। कोतवाली प्रभारी अवनीश गौतम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है, पहचान होने पर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
अज्ञात में ट्रक चालक के खिलाफ भी रिपोर्ट
शामली। छात्र सावन के भाई धर्मेंद्र ने शामली कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि ट्रक कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक के नंबर के आधार पर चालक को तलाश किया जा रहा है।