चौसाना (शामली)। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट, हत्या के प्रयास और मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में फरार चल रहे पांच हजार के इनामी बदमाश को दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने हाथापाई भी की, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया।
चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सुंदर नगर गांव के जंगल के पास यमुना बांध पर बाइक सवार इरशाद पुत्र शमशाद निवासी भड़ी को रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा करके बाइक रुकवा ली। इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई कर दी, जिसमें सिपाही सचिन घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि इरशाद के खिलाफ हत्या की कोशिश, लूट और मादक पदार्थ की तस्करी के मामले दर्ज हैं। वह चार साल से फरार चल रहा था। इसके चलते उस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस, लूटी गई सोने की चेन, बाइक, 12 ग्राम स्मैक आदि बरामद किया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर आरोपी इरशाद को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया।