किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश
कैराना (शामली)। घर में किशोरी के साथ दो युवकों ने तमंचे के बल पर आतंकित कर दुष्कर्म की कोशिश की। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़िता के भाई ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बुधवार देर रात करीब दो बजे गांव के ही दो युवक दीवार फांदकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि घर में सोती उसकी नाबालिग बहन को बदनीयती से दबोच लिया। आरोपियों ने उसकी बहन को तमंचे से डराते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। शोर मचाने पर घर में जाग हो गई। इसके बाद आरोपी गोली मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। आरोप है कि एक माह पूर्व भी दोनों आरोपियों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की कोशिश की थी। उस समय जिम्मेदार लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था। उधर, तहरीर दिए जाने पर कैराना थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह नामजद एक आरोपी को पक़ड़ लिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।