कैराना। ग्राहक बनकर आए दिव्यांग युवक ने दुकानदार को बातों में उलझा कर पांच हजार रुपये की सिगरेट चोरी करने की कोशिश की। नौकर के देख लेने पर आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
सोमवार शाम बाजार बेगमपुरा में एक ग्राहक दुकान पर पहुंचा। उसने पहले तो बीडी सिगरेट समेत नौ हजार रुपये का सामान बंधवा लिया। युवक के हाथों में एक काली पॉलिथीन थी, जिसके अंदर पहले से ही लगभग 50 खाली सिगरेट के पैकेट थे। इसके बाद युवक ने लगभग पांच हजार रुपये की सिगरेट और ली तथा उन्हें काली ही पॉलिथीन में पैक करा लिया। उसने दुकानदार को बातों में उलझा कर भरी हुई सिगरेट का पैकेट ले अपने बैग में रख लिया और उसके स्थान पर खाली पैकेट रख दिया। इसके बाद सामान का पर्चा बनाने की बात कहकर कुछ सामान लेकर आने की बात कही। नौकर ने मामला संदिग्ध देख सिगरेट की पॉलिथीन देखी तो उसमें केवल सिगरेट की खाली डिब्बी थी। आरोपी की तलाशी ली गई तो पास से सिगरेट की भरी हुई पॉलिथीन मिली। इस दौरान व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल गुप्ता और अन्य व्यापारी मौके पर जमा हो गए। इसके बाद व्यापारियों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।