मारपीट को लेकर बनी तनाव की स्थिति
अमर उजाला ब्यूरो
बाबरी। थाना बाबरी क्षेत्र के गांव कैंड़ी से रामलीला देखकर लौट रहे युवक के साथ पांच युवकों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। पीड़ित युवक ने वापस रामलीला में पहुंचकर आरोपियों के नाम बताते हुए खिलाफ हंगामा किया, तो तनाव की स्थिति हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
गांव बंतीखेडा निवासी अंकित पुत्र राजेश कैंडी गांव में बिजलीघर पर संविदा लाइनमैन के रूप में कार्य करता है। अंकित अपने दोस्त बोबी के साथ कैंडी गांव में रामलीला देखने के बाद पैदल ही अपने घर लौट रहा था। वह हनुमान मंदिर के पास पांच युवकों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि अंकित से मोबाइल फोन भी छीन लिया। इसके बाद अंकित वापस रामलीला में पहुंचा और मारपीट करने वाले युवकों का नाम बताते हुए हंगामा करने लगा। आरोपी युवक कैंडी गांव के बताए, जो ठाकुर बिरादरी से हैं, जबकि अंकित दलित बिरादरी से है। इस कारण दोनों पक्षों के लोग इकट्ठा हो जाने पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। समय रहते मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और हंगामा करने वालों को खदेड़ दिया। इस दौरान करीब एक घंटे तक रामलीला का मंचन भी बंद करना पड़ गया। वहीं, अंकित ने तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। बाबरी थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।