थानाभवन/शामली।
बजाज हिंदुस्थान शुगर मिल थानाभवन में भारतीय किसान संगठन के पदाधिकारियों का शुगर मिल कर्मियों से विवाद हो गया। शुगर मिल के सुरक्षा अधिकारी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि किसान संगठन के लोगों ने मिल में पहुंचकर गाली गलौज, मारपीट और फायरिंग की। वहीं, किसान संगठन के लोगों ने मिलकर्मियों और अन्य लोगों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया। वहीं, किसान संगठन के समर्थन में देर रात बाबरी क्षेत्र के गांव में ठाकुर बिरादरी के लोगों को पंचायतें हुई, जिससे मामला तूल पकड़ गया है।
भारतीय किसान संगठन के अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह और उनके सहयोगी राजू आदि पूर्व में कई बार गन्ना इंडेंट बढ़ाने की मांग को लेकर थानाभवन शुगर मिल पर धरना प्रदर्शन कर चुके हैं। शनिवार को भी संगठन के लोग शुगर मिल में पहुंचे थे। वहीं, शनिवार शाम शुगर मिल में किसानों और शुगर मिल कर्मियों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ तथा फायरिंग की चर्चा फैल गई। इसके चलते थानाभवन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को वहां किसान नहीं मिले।
इसके बाद रात करीब आठ बजे शुगर मिल के सहायक प्रबंधक (सुरक्षा) सतीश कुमार ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। उसमें आरोप लगाया कि भारतीय किसान संगठन के अध्यक्ष पूरण सिंह, उपाध्यक्ष राजू सिंह, अंकुर राणा, रोहित और हाजी अफसर आदि ने 25 अन्य अज्ञात लोगों के साथ शुगर मिल में पहुंचे। आरोपी राजू ने कहा कि मेरे खिलाफ पुलिस को तहरीर क्यों दी। इसके बाद सतीश कुमार मिल गेट पर अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंच गया। आरोप है कि पूरण सिंह और राजू तथा उनके साथियों ने वहां पहुंचकर गाली गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। ड्यूटी शिफ्ट का समय होने के कारण वहां उपस्थित मिल कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों ने बीच बचाव कराया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
उधर, भारतीय किसान संगठन के अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह और उपाध्यक्ष राजू राणा के पक्ष में बाबरी क्षेत्र के गांव गोगवान जलालपुर में ठाकुर नरेश तोमर के घेर में पंचायत हुई। वहां मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि किसान अपनी मांग को लेकर मिल गए थे, लेकिन वहां तैनात सुरक्षा अधिकारी सतीश और गन्ना विकास मंत्री के एक रिश्तेदार ने किसानों पर फायरिंग की। पंचायत की अध्यक्षता कर रहे ठाकुर पूरण सिंह ने कहा कि इस दौरान पुलिस भी मौजूद थी, लेकिन पुलिस ने भी किसानों की बात नहीं सुुनी और आरोपियों को मौके से भगा दिया। उनकी मांग है कि थानाभवन थाना प्रभारी को निलंबित किया जाए तथा आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि रविवार को थानाभवन शुगर मिल पर धरना भी दिया जाएगा। पंचायत का संचालन ठाकुर कृष्णपाल नंगला ने किया। इस दौरान रोनी हाजीपुर के ग्राम प्रधान सुबोध कुमार, चंदरूप सिंह, सुरेश कुमार, टीकाराम प्रधान, देशराज कैडी, मोहित कुमार, राजवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
--- वर्जन ---
शुगर मिल में किसानों और मिलकर्मियों के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस भेजी गई थी। मिल के सुरक्षा अधिकारी की तरफ से तहरीर आई है। गंभीरता से जांच कर मामले में कार्रवाई की जाएगी। - कृष्ण कुमार, थाना प्रभारी थानाभवन