गांव भैंसानी इस्लामपुर में दो पक्षों में मारपीट के बाद फायरिंग हो गई। जिसमें दो युवक घायल हो गए। घायल पक्ष की तरफ से पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जुआ खेलने पर पैसों के विवाद को लेकर गोली मारी गई है। मामले की जांच की जा रही है।
गांव निवासी मोहब्बत पुत्र जमशेद ने बताया कि उनके मकान पर बृहस्पतिवार रात करीब सात बजे गांव का ही शहजाद आया था। उसने भतीजे सनव्वर के बारे में पूछा। परिजनों ने बताया कि सनव्वर खेत पर गया है। इस पर अपना मोबाइल नंबर सनव्वर के परिजनों को देकर शहजाद चला गया। रात करीब साढे़ नौ बजे जब सनव्वर घर लौटा, तो परिजनों ने शहजाद के बारे में बताया। इसके बाद सनव्वर मोबाइल फोन पर शहजाद से बात करते हुए घर से बाहर निकल गया। इसी दौरान परिजनों ने घर के बाहर गोली चलने की आवाज सुनी। सनव्वर और गांव के मोसीन पुत्र जुबेर घायल अवस्था में पडे़ मिले। सनव्वर के पैर में गोली लगी थी, जबकि मोसीन के पेट को छूते हुए गोली निकल गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को थानाभवन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाकर भर्ती कराया। वहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मोहब्बत ने तहरीर में बताया कि सनव्वर और मोसीन को गांव के ही इकराम, बाबू, आजाद, शहजाद, शाबिर ने पीटा और गोली मारकर फरार हो गए। आरोपी बाबू को हरियाणा में एक चिकित्सक की हत्या में के मामले में आजीवन कारावास हो चुका है। उधर, ग्रामीणों ने जुआ के पैसों के लेनदेन का विवाद बताया है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच की जा रही है।