नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े महिला से कुंडल लूट लिए । विरोध करने पर महिला को पीटा और शोर सुनकर मौके पर पहुंचे युवक को गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग भी की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
जलालाबाद-हसनपुर लुहारी मार्ग पर सुबह समय महिला और पुरुष टहलने के लिए जाते हैं, जिनमें महिलाओं की संख्या ज्यादा होती है। कस्बा जलालाबाद के मोहल्ला प्रतापनगर निवासी हरि सिंह की पत्नी सुशीला सुबह करीब पौने पांच बजे घूमने के लिए निकली थी। जब वह कृष्णा नदी पुल से आगे तालाब के पास पहुंची, तो पुलिया के पास ही बैठे नकाबपोश तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और तमंचे से आतंकित कर महिला के कुंडल लूट लिए। विरोध किया तो बदमाशों ने महिला पीटकर घायल कर दिया। शोरशराबा सुनकर उसी मार्ग पर दौड़ लगा रहा कस्बा जलालाबाद निवासी युवक ने बदमाशों ने ललकारा, तो बदमाशों ने तमंचे तानते हुए गोली मारने की धमकी देकर उसको वहीं रोक दिया। इसके बाद खेतों के रास्ते बदमाश फरार हो गए।
घटना की सूचना पर काफी लोग मौके पर पहुंच गए। सुबह घूमने जाने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। उधर, पीड़ित महिला के परिजनों ने जलालाबाद पुलिस चौकी पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है, बदमाशों को तलाश किया जाएगा।