शामली। नर्स से एक लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने एक युवक को शक के आधार पर हिरासत में लिया है।
शहर के मोहल्ला रेलपार निवासी कविता मलिक से लगभग दस दिन पहले बाइक सवार दो बदमाशों ने एक लाख रुपये लूट लिए थे। पीड़िता उस समय वर्मा मार्केट स्थित बैंक से एक लाख रुपये निकालकर घर लौट रही थी। रास्ते में बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक के समीप बदमाशों ने उसे धक्का देकर रकम लूट ली थी। अभी तक कोतवाली पुलिस इस लूट का खुलासा नहीं कर सकी है। पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है। कोतवाली प्रभारी पीके सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। उधर, कोतवाली पुलिस ने अजंता चौक के समीप एक युवक को 50 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक का नाम शनाख्त निवासी कैराना है। आरोपी युवक यहां पर किसी को चरस बेचने आया था।
ट्रकों के बीच फंसा बालक बचा
शामली। सोमवार दोपहर बुढ़ाना रोड पर मिल गेट के समीप सात वर्षीय बालक दो ट्रकों के बीच फंस गया। उस समय हाइवे पर दोनों तरफ वाहन चल रहे थे। राहगीरों के शोर मचाने पर ट्रक और अन्य वाहन चालकों की बालक पर नजर पड़ी, जिसके बाद उसे सकुशल वहां से निकाला गया। बालक समीप के दयानंद नगर मोहल्ले का निवासी बताया गया है