खेल के मैदान पर अवैध कब्जे का आरोप
चौसाना।
ऊन तहसील क्षेत्र के गांव श्यामली - श्यामला में स्कूल के पास खेल के मैदान की जमीन पर मकान निर्माण को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। आरोप है कि ग्राम प्रधान की मनमानी के चलते उसके पक्ष के लोग अवैध कब्जा कर रहे हैं। इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
गांव श्यामली श्यामला में जूनियर हाईस्कूल और सड़क के बीच की जमीन पर कुछ दिन से मकानों का निर्माण चल रहा है। इस संबंध में गांव के संजीव, अरविंद और प्रमोद आदि ने ऊन ब्लाक कार्यालय और तहसीलदार से शिकायत कीं। गांव के पूर्व प्रधान उग्र सिंह चौहान ने बताया कि ग्राम प्रधान खेल के मैदान की भूमि पर अवैध निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल के पास कूड़ी की जमीन भी है, लेकिन उसे भी अवैध कब्जा नहीं हटवाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि खसरा नंबर 710 जो कि ग्राम सिजरे में खेल का मैदान दर्ज है उसका रकबा करीब 0.1950 है। एक हिस्से पर जूनियर हाईस्कूल का निर्माण हुआ है, जबकि खाली हिस्से पर गांव के लोग कूड़ा डालते हैं। उसी जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि खुली बैठक बुलाकर इस विवाद का निस्तारण होना चाहिए। उधर, ग्राम प्रधान के पति महक सिंह का कहना है कि जो लोग मकान बना रहे हैं, अभिलेखों में जमीन उन्हीं के नाम दर्ज है। अवैध कब्जे का आरोप निराधार है। दूसरे पक्ष के लोग बेवजह झूठे आरोप लगाकर विवाद पैदा कर रहे हैं।