कस्बा झिंझाना से चार दिन से लापता चल रहा युवक सहारनपुर जनपद से बरामद कर लिया गया। मोहल्ला नई बस्ती गाड़ीवाला चौराहा निवासी नौशाद का पुत्र आकिल (18) 29 अक्तूबर को लापता हो गया था। बुधवार को पुलिस ने युवक के फोन की लोकेशन के आधार पर जनपद सहारनपुर के बिलासपुर कस्बा में मेले में एक झूले वाले के पास नौकरी करते हुए आकिल को बरामद कर लिया। उसने बताया कि पिता के धमकाने पर वह झूले वाले के पास नौकरी करने चला गया था। थाना प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि युवक अपनी मर्जी से गया था।
महिला का बहला फुसलाकर अपहरण
थानाभवन। क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी निवासी प्रमोद ने तहरीर देकर बताया कि पड़ोसी नीटू और सुरेश उसकी पत्नी को बहला फुसलाकर ले गए। घर में से आभूषण और पांच हजार रुपये भी ले गए हैं। प्रमोद का कहना है कि उसकी पत्नी गर्भवती है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पत्नी को बरामद कराने की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
शोरूम के बाहर से बाइक चोरी
शामली। शुगर मिल कालोनी में रहने वाले अनिल कुमार ने तहरीर देकर बताया कि मंगलवार को वह एमएसके रोड पर एक शोरूम में गया था। इसी बीच उसकी बाइक चोरी कर ली गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। उधर, थानाभवन के मोहल्ला रेत्ती निवासी अमन पुत्र शहजाद ने बताया कि घर के बाहर बाइक खड़ी कर रखी थी। घर से जब वह बाहर आया तो बाइक गायब मिली। पीड़ित ने तहरीर देकर चोरी हुई बाइक की बरामदगी की मांग की।