कैराना (शामली)।
क्षेत्र में डूंडूखेडा-सहपत मार्ग पर हथियारबंद बदमाशों ने बाइक सवार मां बेटे को घेर लिया। आतंकित करते हुए उनसे नकदी, मोबाइल फोन और बाइक लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने युवक को चाकू मार दिया। शोर शराबा होने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि दूसरा बदमाश यमुना नदी में कूदकर हरियाणा की तरफ भाग निकला। उसे हरियाणा के ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
बुधवार दोपहर कांधला थाना क्षेत्र के गांव डूंडूखेड़ा निवासी मनोज शर्मा अपनी मां रेखादेवी के साथ बाइक से हरियाणा के गन्नौर से दवाई लेने जा रहा था। डूंडूखेड़ा और सहपत के बीच हथियारबंद दो बदमाशों ने मनोज की बाइक रुकवा ली। बदमाशों ने उससे 5000 रुपये, बाइक, मोबाइल फोन लूट लिया। मनोज ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उसके पेट पर चाकू मार दिया।
रेखादेवी के शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और राहगीरों ने बदमाशों को ललकारा तो वे भाग निकले। एक बदमाश लूटी गई बाइक से उतर कर यमुना में कूद गया जबकि ग्रामीणों ने बाइक चला रहे बदमाश को दबोच लिया। घटना की सूचना मिलने पर कैराना कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पकडे़ गए युवक पिटाई कर लोगाें ने पुलिस के हवाले कर दिया। मनोज शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश शामली के मोहल्ला दयानंद नगर निवासी पंकज है। उसके कब्जे से एक चाकू, दो कारतूस 315 बोर, 50 ग्राम स्मैक, लूटा गया मोबाइल फोन और लूटी गई बाइक बरामद की हुई है। पंकज ने अपने साथी का नाम रोहित निवासी खंद्रावली बताया है। पुलिस के मुताबिक फरार हुए रोहित को हरियाणा के ग्रामीणों ने पकड़ कर हरियाणा के सनौली थाना पुलिस के हवाले कर दिया। जहां उसने अपना नाम राशिद बताया। हरियाणा के सनौली थाने में पकडे़ गए बदमाश रोहित को लाने के लिए कैराना थाना पुलिस हरियाणा रवाना हो गई।
डकैती के आरोपी को पकड़ने आई बिजनौर पुलिस
कैराना। बिजनौर थाने के एसआई सीवी सिंह ने बुधवार को अपनी टीम के साथ कैराना कोतवाली पहुंचकर आमद दर्ज कराई। इसके बाद स्थानीय पुलिस को साथ लेकर कैराना में आर्यपुरी देहात बस्ती में दबिश डाली। एसआई सीवी सिंह ने बताया कि उनके क्षेत्र में शहर से बाहर डेरा डालकर बदमाशों ने डकैती डाली थी। आरोपी की तलाश में दबिश दी गई थी, लेकिन आरोपी मौके पर नहीं मिला।