मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए वाजिद काला के भाई वासिल निवासी जंधेडी को बृहस्पतिवार को पुलिस ने कैराना एसीजीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बुधवार शाम कैराना व बाबरी पुलिस ने भूरा के जंगल में मुठभेड़ के दौरान वाजिद काला के भाई वासिल निवासी जंधेडी को गिरफ्तार कर लिया था। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली से एक सिपाही अमित भी घायल हो गया था। जबकि वासिल के पैरों में गोलियां लगी थी। पुलिस घायल वासिल को मेरठ अस्पताल ले गई थी। मेरठ में आपरेशन करके डाक्टरों ने पैरों से गोलियां निकाल दी थी। वहीं, कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पंवार की तहरीर पर वासिल निवासी जंधेडी के विरुद्ध एक मुकदमा पुलिस पर जान लेवा हमला करने तथा दूसरा मुकदमा अवैध पिस्टल व कारतूस रखने के आरोप मे दर्ज किया गया था। बृहस्पतिवार शाम पांच बजे पुलिस घायल वासिल को मेरठ से एंबुलेंस में लेकर कैराना कोर्ट पहुंची, जहां पर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पीड़ित ने दर्ज कराई वासिल पर रिपोर्ट
कैराना। बुधवार शाम छह बजे भूरा के जंगल में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने वासिल को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, गांव भूरा निवासी मुनव्वर ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया कि मुठभेड़ से कुछ देर पहले ही वासिल, मेेहरबान व आसिफ निवासी जंधेडी हाथों में पिस्टल व तमंचे लेकर उसके घर आए तथा उस पर फायरिंग कर दी थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया था। बाद में आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी।