बाइक में टक्कर मारी, विरोध पर कर दिया फायर
कैराना (शामली)। यमुना तटबंध के रास्ते हरियाणा जा रहे युवक की बाइक में बोलेरो सवार दो लोगों ने टक्कर मार दी। युवक ने विरोध किया, तो उस पर तमंचे से फायर झोंक दिया, जिसमें युवक बाल बाल बच गया। सूचना मिलने पर पुलिस के मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए।
गांव दभेड़ी खुर्द निवासी नासिर ने कैराना कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे वह अपने साथी सत्यवीर के साथ बाइक से यमुना तटबंध के रास्ते हरियाणा जा रहा था। यमुना तटबंध पर गांव नंगला राई के पास बोलेरो सवार दो युवकों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर सत्यवीर की टांग में चोट लग गई। विरोध करने पर आरोपी बोलेरो सवार युवकों ने तमंचे से उन पर फायर कर दिया। नासिर ने बताया कि उन्होंने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिस पर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची, मगर तब तक आरोपी बुलेरो सवार युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरु कर दी है।
ताला तोड़कर कन्फेक्शनरी का सामान चोरी
कैराना (शामली)। कस्बा कैराना के मोहल्ला ख्वाजबख्श निवासी इलिया ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह रेहड़ा लगाकर कन्फेक्शनरी का सामान बेचता है। शुक्रवार रात चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर करीब 50,000 रुपये का कन्फेक्शनरी का सामान चोरी कर लिया। शनिवार सुबह चोरी का पता लगा। इसके बाद उसने कैराना कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस जांच कर रही है।