राकेश की हत्या में पत्नी और बेटी गिरफ्तार
शामली।
शहर के मोहल्ला दयानंदनगर में हुई राकेश रुहेला की हत्या के मामले में पुलिस ने राकेश की पत्नी और दूसरी बेटी को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया।
मोहल्ला दयानंद नगर निवासी राकेश रुहेला दिल्ली स्थित स्कूल में लैब असिस्टेंट थे। सात अप्रैल को दिल्ली से शामली लौटने पर घर के पास ही गली में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले की गहनता से पड़ताल करने के बाद सोमवार को ही वारदात का खुलासा किया। पुलिस ने हत्या को अंजाम देने वाले समीर और शादाब के अलावा राकेश की बेटी को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा था कि राकेश की छोटी बेटी और समीर के प्रेम संबंध थे, लेकिन राकेश इसका विरोध करता था। इसी के चलते अक्सर वह परिवार में मारपीट करता था, जिस कारण समीर और शादाब से राकेश की हत्या करा दी गई। सोमवार शाम को ही राकेश के परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर कहा था कि हत्याकांड में राकेश की पत्नी कृष्णा और बड़ी बेटी वैशाली की संलिप्तता भी रही, जिसके चलते उन दोनों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। मंगलवार को शामली कोतवाली पुलिस ने राकेश की पत्नी कृष्णा देवी और दूसरी बेटी वैशाली को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी जेएस कालरा का कहना है कि मामले में राकेश की पत्नी और दूसरी बेटी को गिरफ्तार करने के बाद मंगलवार दोपहर न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया है।