शिक्षा विभाग के कमरे में मिला चौकीदार का शव
शामली। बीएसए ऑफिस का चौकीदार कमरे में मृत पड़ा मिला। कार्यालय पर पहुंचे कर्मचारी ने देखा तो सनसनी फैल गई। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए और शव को बिना कानूनी कार्रवाई के ले गए।
थाना आदर्शमंडी क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी रविंद्र पुत्र शोभाराम (45) शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात था। उसकी ड्यूटी बेसिक शिक्षा अधिकारी के बनत स्थित कार्यालय में थी। फिलहाल उसकी ड्यूटी रात में लगी हुई थी। बृहस्पतिवार को वह अपनी ड्यूटी पर पहुंचा था। शुक्रवार की सुबह जब कार्यालय में तैनात कर्मचारी विपिन पहुंचा, तो उसने देखा कि रविंद्र का शव उसके कमरे में पड़ा हुआ है। उसने इसकी जानकारी जूनियर हाईस्कूल के शिक्षकों को दी। इस पर मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। शिक्षा विभाग के लोगों ने इसकी सूचना रविंद्र के परिजनों को दी। सूचना पर रविंद्र के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी ली। रविंद्र की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद में परिजनों ने मामले में कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया और शव को ले गए। उधर, पुलिस को मामले की जानकारी नहीं है।