कांधला (ब्यूरो)। चोरों ने आईटीबीपी जवान के घर से सात हजार की नगदी समेत करीब दो लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव डूढार निवासी दिनेश पुत्र धर्मपाल आईटीबीपी में सिपाही है और वर्तमान में नागालैंड में तैनात है। उसके पीछे घर पर पिता धर्मपाल के साथ परिवार के अन्य लोग रहते है। पीड़ित धर्मपाल के अनुसार बृहस्पतिवार की रात घर का काम समाप्त करने के बाद वह अपने परिवार के लोगों के साथ कमरे में जाकर सो गया। उनके बराबर वाले कमरे में बेटे की शादी का समान रखा हुआ था। रात में चोर दीवार फांदकर घर में घुस गए ओर वहां रखी सात हजार की नगदी, सात तौले सोने के आभूषण, करीब आधा तौले चांदी के आभूषण चोरी करके ले गए। आहट होने पर परिजनों की आंख खुल गई तो उन्होंने शोर मचाते हुए चोरों को पकड़ने का प्रयास किया। मगर, चोर फरार हो गए। मामले की सूचना रात में ही डायल 100 और गंगेरु पुलिस चौकी को दी गई, लेकिन पुलिस पर नहीं पहुंची। इससे आक्रोशित ग्रामीण शुक्रवार की सुबह एकत्र होकर चौकी पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। मामले में पीड़ित धर्मपाल ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।