अमर उजाला ब्यूरो
शामली। ट्रांसपोर्टर के धर्म परिवर्तन करने को लेकर बखेड़ा हो गया है। शुक्रवार को उसने कोतवाली पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई। कहा कि कुछ लोग उसके धर्म परिवर्तन पर एतराज कर फिर से इस्लाम धर्म अपनाने का उस पर दबाव बना रहे हैं। उधर, पुलिस ने कहा कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को मुचलका पाबंद किया जाएगा।
गौरतलब है कि शहर के ट्रांसपोर्टर शहजाद राना ने बृहस्पतिवार को डीएम से मिलकर धर्म परिवर्तन करने की सूचना दी थी। बताया कि सदियों पहले उनके पूर्वज हिंदू धर्म त्यागकर मुस्लिम धर्म में परिवर्तित हो गए थे लेकिन उसकी आस्था अभी भी हिंदू धर्म में है। इसलिए वो बिना किसी दबाव या जोर जबर्दस्ती के इस्लाम धर्म त्यागकर फिर से हिंदू धर्म में वापस आना चाहता है। उन्होंने अपना नाम शहजाद राना से स्थान पर संजू राना और बेटे समर राना का नाम शेखर राना करने का दावा किया था। शुक्रवार को ट्रांसपोर्टर शामली कोतवाली पहुंचा और बताया कि उसके धर्म परिवर्तन करने से कुछ लोग एतराज कर रहे हैं। वो उसे धमका रहे हैं। उस पर धर्म बदलकर फिर से इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बना रहे हैं। उसे धमकाया जा रहा है कि या तो वो फिर से धर्म बदल ले वरना उसे मोहल्ले में नहीं रहने दिया जाएगा। उसने अपने परिवार की जान मान को खतरा बताकर सुरक्षा की गुहार लगाई।
कोतवाली प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि पुलिस को मौके पर भेजकर ऐसे लोगों को चिह्नित कराया जाएगा और उनके खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई होगी। उन्हें मुचलका पाबंद किया जाएगा। यदि पीड़ित की ओर से नामजद तहरीर दी जाती है तो उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।