गन्ना तौल लिपिक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
कांधला। फर्जी गन्ना पर्ची के जरिये करीब सात लाख रुपये का गन्ना खरीदने के मामले में धोखाधड़ी के आरोपी तौल लिपिक को कांधला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी तौल लिपिक बागपत जिले का रहने वाला है। उसको न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया है।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव कनियान में वर्ष 2017 में बजाज ग्रुप की शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र स्थापित किया गया था। केंद्र पर गांव कनियान, भारसी और एलम सहित कई गांवों के किसान गन्ना डालते थे। केंद्र पर तौल लिपिक के रूप में जनपद बागपत के थाना छपरौली के गांव तुगाना निवासी अमित पुत्र देशपाल की तैनाती थी। आरोप है कि लिपिक ने क्षेत्र के लगभग 70 किसानों को फर्जी पर्ची देकर करीब सात लाख रुपये का गन्ना डलवा लिया था। काफी दिन तक खाते में भुगतान नहीं आने पर किसानों ने मामले की शिकायत की थी, तो लिपिक द्वारा दी गई सभी पर्चियां फर्जी पाई गई थीं। इसके बाद कस्बा एलम निवासी किसान सोनू पुत्र सतपाल ने आरोपी लिपिक अमित के खिलाफ कांधला थाना पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तब से पुलिस मामले की जांच के साथ ही आरोपी को तलाशने में लगी हुई थी। थाना प्रभारी सुनील कुमार दत्त ने बताया कि बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लिपिक अमित कस्बा एलम में बस स्टैंड के पास खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया।
महत्वपूर्ण
एक साल पूर्व फर्जी पर्चियां देकर लिया था किसानों से गन्ना
सात लाख रुपये का गन्ना लिया था, किसानों को नहीं मिला था भुगतान