हेलमेट नहीं लगाना सिपाहियों को भारी पड़ा
शामली। यातायात नियमों का पालन जितना आम आदमी के लिए जरूरी है, उतना ही पुलिसकर्मियों के लिए भी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस वालों पर भी कार्रवाई हो सकती है। इसका उदाहरण शनिवार पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने पेश किया। उन्होंने डायल 100 बाइक से बगैर हेलमेट के जा रहे दो सिपाहियों को रोककर हड़काया और चालान भी करा दिया।
दरअसल, पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शनिवार दोपहर करीब दो बजे कलक्ट्रेट से बैठक करने के बाद शामली की तरफ लौट रहे थे। जब वह एसटी तिराहे के पास पहुंचे, तो डायल 100 की दो बाइकें मिली, जिन्हें चलाने वाले सिपाहियों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। इस पर पुलिस अधीक्षक ने दोनों सिपाहियों को रुकवा लिया। बगैर हेलमेट बाइक चलाने पर उनकी जमकर क्लास लगाई। साथ ही टीएसआई भंवर सिंह को मौके पर बुलाया और दोनों बाइकों का चालान काटने का निर्देश दिया। टीएसआई भंवर सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दोनों डायल 100 बाइकों का चालान कर दिया गया है।