कांधला। बाग में हरे पेड़ों का अवैध कटान करने पर वन विभाग की टीम ने पुलिस को साथ लेकर छापा मारा। मौके से दो आरोपियों को पकड़ लिया। ट्रैक्टर ट्राली और कटान में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद कर लिए, लेकिन बाद में आरोपियों को थाने से जमानत देकर छोड़ दिया गया।
कांधला में पूर्वी यमुना नहर पटरी पर महबूब के आम के बाग में दो दिन पूर्व हरे भरे पेड़ों का कटान शुरू किया गया था। कस्बे के लोगों ने बस्ती के नजदीक से कटान किए जाने की सूचना पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को दी थी। वन दरोगा वेदपाल, वन रक्षक विपिन और अन्य लोगों ने पुलिस को साथ लेकर मंगलवार को छापा मारा। मौके से कटे हुए छह पेड़ों की लकड़ी, एक ट्रैक्टर ट्राली दस मजदूर के साथ ही मौके से छह पेड़ों की कटी हुई लकड़ी बरामद की। वन दरोगा वेदपाल ने ठेकेदार मोनू, इनाम के साथ ही दस मजदूरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई तथा ट्रैक्टर ट्राली और कटान में प्रयुक्त उपकरण सीज कर दिए। मौके से मोनू और इनाम को हिरासत में लिया गया। शाम होने तक मामले में खेल शुरू हो गया और आरोपियों को थाने से जमानत देकर छोड़ दिया गया। उधर, थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि जिस धारा के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, उसमें थाने से जमानत दी जा सकती है। वहीं, ट्रैक्टर सीज किया गया है, जिससे न्यायालय के आदेश के बाद ही छोड़ा जाएगा।