दसवीं में पढ़ने वाली एक छात्रा को स्कूल के टॉयलेट में खींचकर दुष्कर्म की कोशिश की गई। छात्रा ने शोर मचाकर किसी तरह खुद को छुड़ाया और टॉयलेट से निकल भागी, इसके बाद आरोपी युवक भी भाग निकला। अपने घर पहुंचकर छात्रा ने आपबीती सुनाई जिसके बाद उसके घर वाले पहले स्कूल पहुंचे और फिर वहां से स्टाफ को साथ लेकर थाने में छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बगैर डिग्री कस्बे में मेडिकल प्रैक्टिस करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित छात्रा के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब आठ बजे वह स्कूल गेट पर पहुंची थी। तभी हरवीर ने हाथ पकड़कर उसे गेट के ही पास बने टायलेट में खींच लिया। टॉयलेट में वह उसके कपड़े खींचते हुए अश्लीलता करने लगा। घबराई छात्रा किसी तरह खुद को छुड़ाकर चीखती हुई अपने घर की ओर भाग निकली। इस पर हरवीर भी वहां से भाग गया। छात्रा ने घर पहुंचकर रोते हुए अपने पिता को पूरा वाकया बताया तो वह कुछ ग्रामीणों को साथ लेकर स्कूल पहुंचे। स्कूल के प्रधानाचार्य और स्टाफ भी घटना के बारे में सुनकर भौचक रह गया। इसके बाद थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसमें हरवीर के साथ उसके बड़े भाई प्रकाशवीर को भी नामजद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी हरवीर मूल रूप से मीरगंज के गांव अब्दुल्लागंज का निवासी है। वह झोलाछाप डॉक्टर है और दो महीने पहले बिशारतगंज में छात्रा के मकान में ही किराये पर रहकर बगैर डिग्री के मेडिकल प्रैक्टिस करता था। उसका भाई प्रकाशवीर भी कस्बे में बगैर डिग्री के डेंटल क्लीनिक चलाता है। प्रकाशवीर की हरकतों की वजह से ही छात्रा के पिता ने उन्हें निकाल दिया था। आईजी ध्रुवकांत ठाकुर ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए प्रभारी एसएसपी सतीश कुमार को तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। शाम को पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। छात्रा का मेडिकल कराया जा रहा है।