पंजोखरा प्रधान की हत्या उसके तहेरे भाई ने दो युवकों के साथ मिलकर गंडासे से की थी। पुलिस ने हत्यारोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गंड़ासा खेत से बरामद कर लिया।
ग्राम पंजोखरा में गत 28 जुलाई को ग्राम प्रधान जयवीर उर्फ नीटू की सोते समय धारदार हथियार काटकर हत्या कर दी गई थी। नीटू के बड़े भाई जयकरण ने ताऊ के बेटे श्रवण और उसके साले आनंद के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस दबाव के चलते आरोपी श्रवण ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। न्यायालय से अनुमति मिलने पर रविवार को आरोपी श्रवण को पुलिस रिमांड पर कांधला थाने लाया गया।
उधर, थाना प्रभारी उमेश कुमार रोरिया ने बताया कि हत्यारोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गंड़ासा खेत से बरामद किया है। हत्यारोपी ने अपने साले आनंद और गांव के ही बिट्टू के साथ मिलकर प्रधान की हत्या कर दी थी। अब आनंद और बिट्टू को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस प्रयास में लगी हुई है।
शराब के नशे में हैवान बन गया था श्रवण
थाना प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि आरोपियों ने पहले तो प्रधान नीटू के साथ बैठकर शराब पी और जब उनको लगा कि नीटू अब नशे में हो चुका है। तब उस पर गंडासे से वार शुरू कर दिए। शराब के नशे में होने के कारण श्रवण लगातार उसके सिर पर तब तक प्रहार करता रहा, जब तक नीटू की मौत नहीं हो गई।