कैराना। बंधन बैंक के कर्मचारी की पानीपत रोड पर 11 दिन पूर्व तीन बदमाशों ने रैकी की थी। जिसके बाद दो अन्य बाइक सवार हथियार बंद बदमाशों ने पिस्टल के बल पर कर्मचारी से ढाई लाख लूट लिए थे। मामले में पुलिस ने लूट का खुलासा करते हुए दो मुख्य बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
एसपी डॉ. अजय पाल ने बताया कि आठ नवंबर को पानीपत रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने पंजीठ से रुपयों का कलेक्शन करके आ रहे बंधन बैंक के कर्मचारी खुर्शीद से 2 लाख 48 हजार रुपये लूट लिए थे। मामले के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच के अलावा पुलिस की कई टीमें लगायी गई थी। शुक्रवार सुबह सात बजे सीओ भूषण वर्मा के निर्देश पर उपनिरिक्षक बच्चू सिंह व एसओजी प्रभारी राजकुमार शर्मा ने पुलिस बल के साथ भूरा बाईपास पर दबिश दी।
पुलिस ने मौके से दो बदमाशों को मय तमंचा कारतूस व बिना नंबर प्लेट की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि बदमाशों के नाम जावेद
व उस्मान निवासी ग्राम भूरा है। जिन्होंने आठ नवंबर को पानीपत रोड पर बंधन बैंक के कर्मचारी खुर्शीद को लूटने की बात स्वीकार की है।
बदमाशों के पास से लूट के 20 हजार भी बरामद किए गए। जबकि दोनों बदमाश नशे के आदी हैं तथा लूट की रकम में से 70 हजार की स्मैक खरीद कर पी गए हैं।
बदमाशों के पास से मिली बाइक 14 अगस्त को रामड़ा बाईपास से लूटी गई थी तथा उक्त लूट की बाइक से ही बंधन बैंक कर्मचारी से लूट की घटना को अंजाम दिया था। पकड़े गए बदमाशों ने अपने साथियों के नाम बेसर, सरवर निवासी खुरगान व बिलाल बताए। जिन्होंने बंधन बैंक के कर्मचार की लूट की घटना से पहले रैकी की थी। पुलिस फरार तीनों बदमाशों की तलाश कर रही है। बदमाशों को तमंचे व पिस्टल बेचने वाले कैराना निवासी युवक की भी तलाश की जा रही है।