कांधला (शामली)। जाट कॉलोनी में रह रहे युवकों द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी किए जाने के विरोध में मोहल्ले के लोगों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मोहल्ला जाट कॉलोनी में पिछले काफी समय एक युवक किराए पर रह रहा था। मोहल्ले के लोगों ने उक्त युवक के द्वारा नशीले पदार्थ बेचे जाने की शिकायत पूर्व में कई बार पुलिस से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर मोहल्ले के लोगों में रोष व्याप्त था। शुक्रवार को उक्त युवक मोहल्ले में नवयुवकों को नशीले पदार्थ की बिक्री कर रहा था। इनमे से एक युवक के अभिभावक ने पूरे प्रकरण को देख लिया। जिसके बाद वहां पर बखेड़ा हो गया। मोहल्ले मे हंगामे की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। कुछ देर में ही वहां पर मोहल्लेवासी डॉ. योगेंद्र मलिक, रोमी, सौरभ, देवेंद्र, राहुल, सुदेश आदि लोगों ने पुलिस का घेराव करते हुए कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। मोहल्ले के लोगों की शिकायत पर उक्त युवक के कमरे की तलाशी ली गई, लेकिन वहां से कुछ बरामद नहीं हो पाया। इस दौरान पुलिस ने वहां से एक युवक को हिरासत में ले लिया।