हरियाणा के सोनीपत जिले से लूटा गया चावल से लदा ट्रक झिंझाना पुलिस ने बरामद कर लिया और तीन आरोपी भी पकड़ लिए। मामले में हरियाणा पुलिस को सूचना दे दी गई है। आरोपियों से पूछताछ चल रही है, मंगलवार को घटना का खुलासा किया जाएगा।
चावल से लदा ट्रक कुछ दिन पूर्व ही हरियाणा के सोनीपत जिले के बाहलगढ़ थाना क्षेत्र से लूटा गया था। वहीं, सोमवार को झिंझाना थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चावल से लदा ट्रक एक स्थान से बरामद कर लिया तथा तीन आरोपियों को भी पकड़ लिया। इस बारे में हरियाणा पुलिस को भी सूचना दी गई। शाम हरियाणा पुलिस की टीम ने झिंझाना पहुंचकर आरोपियों से पूछताछ की। अभी आरोपियों से पूछताछ चल रही है। पुलिस का कहना है कि मंगलवार को खुलासा कर दिया जाएगा।
लकड़ियों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली पलटी
झिंझाना। बिड़ौली चौसाना मार्ग पर गांव सुंदरनगर के पास सोमवार दोपहर लकड़ियों से लदी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के कारण चौसाना-बिड़ौली मार्ग पर यातायात व्यवस्था बाधित हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद जेसीबी मंगवाकर ट्रैक्टर ट्राली को सीधा कराने के बाद यातायात व्यवस्था सुचारु कराई गई।
हादसे में युवक की मौत
झिंझाना। कस्बा झिंझाना से ऊन की तरफ जाते समय युवक को अज्ञात वाहन चालक ने कुचल दिया। कस्बा ऊन निवासी धर्मेंद्र (32) रविवार देर रात झिंझाना से पैदल ही ऊन की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात वाहन चालक ने उसको टक्कर मार दी। वाहन के नीचे कुचलने के कारण धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद युवक की पहचान होने पर उसके परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम होने के बाद शव को परिजन घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, सोमवार दोपहर मेरठ करनाल हाइवे पर गांव टपराना के पास घना कोहरा होने के कारण डंफर डिवाइडर पर चढ़ गया। गनीमत रही कि डंफर पलटा नहीं, जिस कारण हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
शराब सहित पकड़ा युवक
थानाभवन। पुलिस ने कस्बा थानाभवन में बस स्टैंड के पास से राकेश पुत्र जगरोशन निवासी मोहल्ला छिपियान को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 18 पव्वे देशी शराब बरामद हुई। आरोप है कि राकेश हरियाणा से शराब लाकर क्षेत्र में अवैध रूप से बेचता था। सोमवार को आरोपी राकेश को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया।