शुगर मिल में गन्ना तौल को लेकर रविवार रात किसानों में मारपीट हो गई थी। सोमवार सुबह दोनों पक्ष के किसान शुगर मिल में समझौता वार्ता को पहुंचे थे। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर लाठी डंडे और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमले में एक पक्ष के छह लोग घायल हो गए। उधर, दूसरे पक्ष ने भी मारपीट करने का आरोप लगाया है।
रविवार रात करीब आठ बजे गांव गोगवान जलालपुर निवासी सोनू पुत्र बादशाह और कुलदीप पुत्र कृष्णपाल ट्रैक्टर ट्राली में गन्ना लादकर थानाभवन स्थित बजाज शुगर मिल में पहुंचे थे। इसी दौरान पहले गन्ना तुलवाने को लेकर गांव हरड़ फतेहपुर निवासी किसान से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। रात में दोनों पक्ष के लोग अपनी ट्रैक्टर ट्राली शुगर मिल में ही छोड़कर घर लौट गए थे। वहीं, सोमवार को सुबह करीब 11 बजे गोगवान जलालपुर गांव के ग्रामीण मारपीट के मामले में समझौता कराने के लिए शुगर मिल में पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष से नीरज पुत्र इंदर, आसू पुत्र कालू, सुबोध और विजय निवासी हरड़ फतेहपुर ने अपने 20 अज्ञात साथियों के साथ मिलकर गोगवान जलालपुर के किसानों पर हमला बोल दिया। हमले में पिंटू पुत्र महेंद्र, सोनू पुत्र बादशाह, कुलदीप पुत्र कृष्णपाल सहित कई अन्य लोग घायल हो गए। इसके बाद घायलों को थानाभवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर उपचार कराया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल कुलदीप पक्ष की तरफ से आरोपी नीरज, आसू, सुबोध और विजय सहित अज्ञात 20 लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई। थाना प्रभारी का कहना है कि गन्ना तुलवाने की होड़ में किसानों के बीच मारपीट हुई थी। घायल पक्ष की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।