झिंझाना (शामली)। गांव जमालपुर में पौन बीघा पुस्तैनी जमीन को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। दोनों ओर से चले धारदार हथियार में दो महिलाओं सहित पांच घायल हो गए।
गांव जमालपुर में पौन बीघा पुस्तैनी जमीन के टुकडे़ को लेकर पूर्व प्रधान श्रीपाल का अपने चाचा कृष्णपाल से काफी समय से विवाद चल रहा है। बुधवार सुबह उसी विवाद पर चाचा भतीजे में बहस होने पर मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में लाठी डंडे और धारदार हथियार चले। चीख पुकार सुनकर आए श्रीपाल के अन्य भाइयों ने हमलावरों को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। जिसके चलते कृष्णपाल पक्ष से उसका पुत्र अरुण, पत्नी भूरी व बेगराज का पुत्र नरेंद्र घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से भी कई लोग घायल हुए। सूचना पर पहुंची 100 डायल ने सभी घायलों को झिंझाना सीएचसी में भर्ती कराया है। थाना प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं आई है। झिंझाना चिकित्साधिकारी डॉ. तरुण चौधरी ने बताया की तीन घायलों को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर किया गया है।