पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने रविवार रात से सोमवार सुबह तक रेत, रोड़ी और डस्ट लदे 43 ट्रक पकड़े।
शामली शहर के बीच से ही मेरठ-करनाल हाईवे, पानीपत-खटीमा राजमार्ग और दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे गुजर रहा है। करनाल और कैराना-पानीपत की ओर से रोजाना ओवरलोड वाहन आते हैं। ओवरलोड वाहनों के कारण सड़कों को नुकसान हो रहा है, लेकिन कैराना, झिंझाना और कांधला पुलिस इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है। पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा ने ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सख्त हिदायत दी। इसके चलते शामली कोतवाली पुलिस ने रविवार रात से ही अभियान शुरू कर दिया। तीनों हाईवे पर पुलिस ने चेकिंग कराई। इस दौरान हरियाणा-दिल्ली की ओर से आ रहे वाहनों को चेक करना शुरू कर दिया। पुलिस ने करीब 43 ट्रकों को ओवरलोडिंग के मामले में पकड़ा, जिनमें से 22 ट्रकों का चालान किया गया, जबकि 21 ट्रकों को सीज कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी अवनीश गौतम ने बताया कि ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान चलाया गया, जिसमें 43 ट्रक पकड़े गए।
अवैध खनन की जांच के निर्देश
कैराना क्षेत्र के गांव इस्सोपुर खुरगान में पट्टे आवंटन के नाम पर जेसीबी और पॉकलेन मशीन से रेत खनन किया जा रहा है। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि खान अधिकारी को इस मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि खनन नियमावली के अनुसार ही होने दिया जाएगा।