एक साल पूर्व व्यापारी की दुकान पर पहुंचकर एक लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया है।
एक साल पूर्व जुुलाई में व्यापारी आरिफ, निवासी बिसातियान की दुकान पर पहुंचकर बदमाश ने एक लाख की रंगदारी मांगी थी। इस मामले में पीड़ित ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि विवेचना के दौरान शौकीन का नाम प्रकाश में आया। मंगलवार सुबह पुलिस ने आरोपी शौकीन को उसके घर से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद न्यायालय में पेश करके आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
गैंगरेप के आरोपियों के घर कुर्की नोटिस चस्पा
कैराना। क्षेत्र के एक गांव में 10 दिसंबर 2016 को तीन आरोपियों ने घर में घुसकर तमंचे के बल पर महिला के साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में आजम, अमजद पुत्रगण साजिद और बिलाल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सात माह बीत जाने के बाद भी तीनों आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई। वहीं, अदालत से अनुमति मिलने पर मंगलवार को पुलिस ने आरोपियों के घर पर कुर्की कार्रवाई के नोटिस चस्पा कर दिए हैं। कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर जल्द ही अदालत से आदेश प्राप्त करके आरोपियों के घरों की कुर्की की जाएगी।
लेनदेन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट
कैराना। थाना कैराना क्षेत्र के गांव नंगला राई में सोमवार रात वेल्डिंग के पैसों के विवाद पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में बिलाल, अनवर, इसराइल और मुनव्वर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल भेजा था। जहां से अनवर व बिलाल को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि मामले में साजिद, जुनैद व कामिल निवासी, नंगला राई को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।