शाहपुर। गांव हरसौली स्थित शिव मंदिर के महंत से मारपीट करने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों पर भगवान कार्तिकेय की मूर्ति को भी खंडित करने का आरोप है।
गांव हरसौली में मेन रोड पर स्थित शिव मंदिर के महंत पुष्कर नाथ ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि गांव के ही सोहनवीर उर्फ पिंटू, अजय व उनका रिश्तेदार लच्छेडा निवासी अरुण उर्फ कलवा सोमवार की देर शाम मंदिर पर आए। गाली गलौज करते हुए चेतावनी दी कि मंदिर पर महंत नही रहेगा। उनका आदमी मंदिर पर महंत रहेगा ।
विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने मारपीट की। आरोप है कि मंदिर में शिव परिवार में स्थापित कार्तिकेय की मूर्ति को भी खंडित कर दी। आरोपियों से बचकर भागते समय उन पर गोली चलाई गई। वह बाल बाल बचे। सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।