नगर के सरवट की इमरान कॉलोनी में मृतक के घर पहुंचे लोग फोटो संवाद
मुजफ्फरनगर। सरवट क्षेत्र की इमरान कॉलोनी में हनीफ (58) की बीमारी के कारण मौत हो गई। पिता के जनाजे में शामिल होने के लिए दोनों बेटे जयपुर से बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकले। इस बीच सरधना के पास कांवड़ नहर पटरी पर ट्रक की साइड लग जाने से बेटे शुएब (28) की हादसे में मौत हो गई। दूसरा बेटा शाहवेज (29) भी घायल है।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र की इमरान कॉलोनी निवासी सगे भाई शुएब और शाहवेज जयपुर के हसनपुरा में पिछले 10 साल से सोफे बनाने का काम करते थे। मंगलवार रात लगभग 10 बजे उनके पिता हनीफ की बीमारी के कारण मौत हो गई। दोनों भाई जानकारी मिलते ही जयपुर से बाइक पर सवार होकर घर के लिए चल पड़े। बुधवार तड़के वे मेरठ के सरधना क्षेत्र में नहर पटरी से होते हुए घर लौट रहे थे। नहर पटरी पर सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में साइड मार दी, जिससे दोनों भाई घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से सरधना के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। अस्पताल में शुएब की मौत हो गई।
-
इनसेट
जनाजे में शामिल होने के लिए चले थे
घायल शाहवेज ने बताया कि हादसे की जानकारी पाकर वे रात के करीब 10 बजे बाइक पर सवार होकर चल पड़े थे। अन्य किसी साधन का इंतजाम नहीं होने और जल्दी घर पहुंचने के प्रयास में वे बाइक पर चले लेकिन मेरठ आकर हादसा हो गया।
-
पिता-पुत्र एक साथ सुपुर्द ए खाक
बुधवार शाम को पिता-पुत्र को एक साथ सुपुर्द ए खाक किया गया। इस दौरान कॉलोनी में गम का माहौल बन गया। परिचित, रिश्तेदार और परिवार के लोग यहां एकत्र हुए थे।