मीरापुर। युवती का एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकालने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनसे 8 एटीएम कार्ड, 10 हजार 200 रुपये नगद, कार, तमंचा व चाकू बरामद हुआ है।
17 दिसंबर को गांव खेड़ी निवासी युवती का एटीएम कार्ड बदलकर एक व्यक्ति ने 13 हजार 500 रुपये की नकदी निकाल ली थी। मंगलवार की देर रात पुलिस ने गांव कैथोडा के समीप टूटी पुलिया से चैकिंग के दौरान कार सवार चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम जनपद सहारनपुर के सदर बाजार निवासी नाम अरुण व बिजेंद्र, चरथावल निवासी नीटू, भगत सिंह रोड मुजफ्फरनगर निवासी विकास बताए।
पुलिस ने बताया कि नीटू पर थाना बुढ़ाना, चरथावल,सिविल लाइन, सहारनपुर,देवबंद, शामली में 23 आपराधिक मामले दर्ज है। विकास पर देवबंद में 6, अरुण पर सहारनपुर में 4 व विजेंद्र पर सहारनपुर में 2 आपराधिक मामले दर्ज है। सभी आरोपियों का चालान कर दिया है।