बागपत। महिला थाने के पास स्थित शिव ज्योति धाम में ताला लगाने को लेकर मंगलवार को विवाद हो गया। हंगामा बढ़ने पर महिलाओं ने ताला तोड़कर पूजा अर्चना की। इसके बाद काफी देर तक हंगामा चलता रहा। पुलिस के आने पर हंगामा शांत हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
अर्जुनपुरम कॉलोनी निवासी ठाकुर विजय सिंह ने बताया कि महिलाएं शिव ज्योति धाम में पूजा करने जाती है। पिछले कुछ दिन से संस्थापक महिलाओं के साथ अभद्रता कर रहे थे और पूजा करने से रोकने के लिए मंदिर का ताला लगा दिया। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में देवस्थल बनाए भी बनाए गए हैं। इसकी शिकायत एसडीएम और एसपी से भी की गई। मंगलवार को ताला खुलवाने पहुंचे तो वहां हंगामा कर दिया। उधर मंदिर के संस्थापक दीपक जैन ने बताया कि मंदिर में आने से किसी को नहीं रोका गया। कुछ लोग जबरदस्ती मंदिर की जमीन पर कब्जा करना चाहते है। इस मामले में जांच अधिकारी शिव कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को गले लगाकर विवाद समाप्त कर लिया। इसके बाद मंदिर में पूजा अर्चना कराई गई।