कांधला। कस्बे के मोहल्ला खैल खालापार में पेड़ से गिरकर घायल हुए 15 वर्षीय किशोर की मेरठ अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
कस्बे के मोहल्ला खैल खालापार निवासी औरंगजेब का पुत्र इलियास (15) दो अन्य युवकों के साथ बुधवार को कस्बे के एक बाग में मजदूरी करने गया था। उसके भाई सोनू ने बताया कि काम करने के दौरान बुधवार शाम को इलियास पेड़ पर चढ़कर जामुन तोड़ रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह जमीन पर गिर गया। लोगों ने उसे शामली के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया था।
शुक्रवार देर रात चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, इलियास के पिता का पूर्व में निधन हो चुका था। पिता की मृत्यु के बाद वह मजदूरी करके अपनी मां और परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। परिवार में उसकी मां, पांच बहनें और दो छोटे भाई हैं, जिनमें से एक दिव्यांग है। मोहल्लेवासियों ने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की।