बाबरी (शामली)। गांव बंतीखेड़ा में रुपये के लेनदेन के विवाद को लेकर तमंचे से गोली मारकर मजदूर संदीप उर्फ मोनू (28) को गंभीर घायल कर दिया गया। उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की पत्नी की तरफ से आरोपी मुन्ना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव बंतीखेडा निवासी संदीप का गांव के मुन्ना के साथ रुपयों को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार को संदीप के घर पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया। गांव के बाहर नदी पुल के निकट दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि मुन्ना ने तमंचे से संदीप गोली मार दी। गोली उसके बाएं हाथ व सिर के पीछे लगी। गोली की आवाज सुनकर परिजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायल संदीप को शामली अस्पताल भर्ती कराया। घायल की पत्नी गुड़िया ने बाबरी थाने पर गांव के मुन्ना के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।