ऊन/गढ़ीपुख्ता। ऊन पुलिस चौकी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर बाइक सवार किसान नीटू सैनी (30) और साधु (65) की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो गई। किसान की मौत से परिजनों में गम का माहौल बना है।
ऊन-सिंभालका मार्ग पर कस्बा निवासी ऋषिपाल के खेत में शनिवार सुबह युवक का शव पड़ा मिला। पास में उसकी बाइक पड़ी हुई थी। खेत पर काम करने गए लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शव मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची। मृतक युवक की पहचान कस्बा गढ़ीपुख्ता के मोहल्ला जैनपुरी निवासी नीटू सैनी के रूप में हुई।
पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि नीटू शुक्रवार शाम को घर से बाइक पर कस्बा ऊन किसी काम से गए थे। वह खुद किसान होने के साथ किराये पर कंपेन मशीन से खेत में खड़े धान की कटाई करने का कार्य भी करते थे। पुलिस का मानना है कि नीटू की बाइक रात के समय ऊन से गढ़ीपुख्ता लौटते समय बिजली के खंभे से टकरा गई। खंभे से टकराकर वह खेत में जा गिरे। इससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और रात को समय पर उपचार न मिलने से उनकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक मृतक नीटू तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। सबसे छोटे भाई की करीब सात पहले दुर्घटना में मौत हो गई थी, जबकि पिता की भी पहले ही मौत हो चुकी है। नीटू के बाद परिवार में मां, पत्नी व तीन बच्चे रह गए हैं। दूसरा हादसा शनिवार देर शाम को ऊन-झिंझाना मार्ग पर होली हेवन स्कूल के समीप जीप व बाइक की टक्कर हो गई। इससे बाइक सवार साधु सतबीर दास गंभीर घायल हो गए। उनको राहगीर सीएचसी ऊन ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सतबीर दास मूल रूप से गांव बरवाला थाना शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर का रहने वाले थे। वह रविदास गद्दी ऊन में भी रहते थे। वर्तमान में वह होसंगपुर झिंझाना के मंदिर में रहते थे। उनकी मौत से संत समाज में शोक छा गया। उनकी मृत्यु की सूचना होने पर उनके अनुयायी सीएचसी पर पहुंचे। इस संबंध में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।